बिलासपुर,11 अप्रैल (वेदांत समाचार)। बिलासपुर के तखतपुर इलाके में एक बेगुनाह महिला को ‘टोनही’ का ठप्पा लगाकर न केवल समाज में बदनाम किया गया, बल्कि उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की गई। तखतपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है और प्रताड़ना देने वाले मां-बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढनढन का है, जहाँ मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी।
पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल को जब वह अपने पड़ोस में रहने वाले देवेंद्र बघेल के गिरने की आवाज़ सुनकर मदद के लिए बाहर निकली, तो आरोपी की मां सुमित्रा बाई ने उसे बचाने के बजाय ‘टोनही’ कहकर गालियां देना शुरू कर दिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मां-बेटे लंबे समय से महिला को टोनही बताकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की कड़ी धाराएं जोड़ीं और दोनों आरोपियों, देवेंद्र बघेल और सुमित्रा बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
