शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव : मंत्री राजेश अग्रवाल, शाला प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों का किया स्वागत, छात्राओं को बांटी साइकिल - vedantsamachar.in

शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव : मंत्री राजेश अग्रवाल, शाला प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों का किया स्वागत, छात्राओं को बांटी साइकिल

रायपुर, 10 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल के आत्मनिर्भर, सक्षम और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माता बनेगा।

मंत्री राजेश अग्रवाल शुक्रवार को सरगुजा जिले के पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय, लखनपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेण्ड्राकला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया, उन्हें मिठाई खिलाई, अध्ययन सामग्री वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रही है। स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि प्रदेश का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ सके। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर संसाधन और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

लखनपुर स्थित पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय में मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इसके बाद मंत्री मेण्ड्राकला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री भी भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।

अपने संबोधन के अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि विद्यार्थी परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे तथा छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।

शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।