सरसींवा पुलिस की शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, सात मामलों में 117.1 लीटर अवैध शराब जब्त, सात आरोपी गिरफ्तार - vedantsamachar.in

सरसींवा पुलिस की शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, सात मामलों में 117.1 लीटर अवैध शराब जब्त, सात आरोपी गिरफ्तार

सरसींवा, 10 जुलाई। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अलग-अलग मामलों में सात शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 117.100 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, देशी प्लेन और अंग्रेजी गोवा स्पेशल शराब जब्त की है। सभी आरोपियों को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे, एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी वीणा यादव के नेतृत्व में सरसींवा पुलिस ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम गगोरी और सरसींवा नगर में छापेमारी कर अवैध शराब बेचने के लिए रखी गई शराब बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान ग्राम गगोरी से नीराबाई पटेल (18 लीटर), सुखबाई जांगड़े (14 लीटर), सतीश कुर्रे (24 लीटर), खुनुन बाई कठौतिया (15 लीटर), अनिता मनहर (9 लीटर) और कमल मनहर (25 लीटर) के कब्जे से हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई।

वहीं, सरसींवा नगर के वार्ड क्रमांक 10 निवासी चंद्रिका भारद्वाज के कब्जे से 20 पाव देशी प्लेन, 25 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल तथा 4 लीटर महुआ शराब, कुल 12.100 लीटर शराब बरामद की गई।

पुलिस ने जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 26,400 रुपये आंकी है। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।