Janjgir Champa News:BJP नेता ने सीएमओ को दी जान से मारने की धमकी, इस बात को लेकर हुआ विवाद, एसपी से कार्रवाई की मांग

जांजगीर-नैला में एक विवाद सामने आया है, जिसमें BJP नेता पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

जांजगीर,11 अप्रैल (वेदांत समाचार): नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शासकीय कार्य में बाधा डालने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसपी से लिखित शिकायत की है। इस संबंध में सीएमओ ने संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

एसपी जांजगीर-चांपा को 7 अप्रैल को सौपे ज्ञापन में जांजगीर सीएमओ विक्रण भगत ने बताया है कि नगर में जल आवर्धन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के कार्य चल रहा है। कार्य का निरीक्षण करने के लिए वे मंगलवार 7 अप्रैल को लगभग सुबह 10.35 बजे वार्ड क्रमांक 6 पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वार्ड 6 निवासी विकास शर्मा और उनके पिता द्वारा शासकीय कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हुए अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही मारपीट करने व जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इससे योजना का क्रियान्वयन प्रभावित हुआ।

मुख्य अधिकारी ने कार्रवाई की मांग की
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने इस कृत्य को शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, शासकीय अधिकारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने और भय उत्पन्न करने का गंभीर एवं दंडनीय अपराध बताया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 186, 353, 506 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इधर पूरे मामले को लेकर विकास शर्मा ने बेबुनियाद बताते हुए सभी आरोपों को झूठा करार दिया है।