KORBA : SECL गेवरा क्षेत्र की कॉलोनियों में बदहाल व्यवस्थाएं, मजदूर संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी…

कोरबा, 10 अप्रैल (वेदांत समाचार)। गेवरा क्षेत्र की कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की लगातार अनदेखी अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन, बिलासपुर ने महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनियों की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताई है और जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

संगठन के अनुसार शक्ति नगर, दीपका और अन्य कॉलोनियों में नालियां क्षतिग्रस्त हैं, सड़कों की हालत खस्ताहाल है और नियमित साफ-सफाई का अभाव बना हुआ है। धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव केवल खानापूर्ति बनकर रह गया है, जिससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और रहवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ज्ञापन में कॉलोनियों के चौक-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और जर्जर बुनियादी ढांचे की मरम्मत की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। साथ ही पाइपलाइन की वर्षों से सफाई नहीं होने, सीलिंग फैन की कमी और ट्रांसफार्मर क्षेत्रों में फैली अव्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई है।

मजदूर संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि उद्यानों के सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं के विकास के लिए टेंडर होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं किया गया है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। कॉलोनियों में डिस्पेंसरी बंद होने से स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

सुरक्षा और स्वास्थ्य पर खतरा
संगठन का कहना है कि अव्यवस्थाओं के कारण कॉलोनियों में रह रहे कर्मचारियों और उनके परिवारों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी, धूल और खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

आंदोलन की चेतावनी
संगठन के प्रतिनिधि हमराज राव ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो मजदूर संगठन उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।