बलौदाबाजार, 10 अप्रैल (वेदांत समाचार)। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को तहसील भाटापारा के खपराडीह स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और अधिष्ठाता से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्र की लोकेशन को उत्कृष्ट बताते हुए यहां उन्नत नर्सरी विकास और फसल विविधीकरण का मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा मॉडल तैयार किया जाए, जिससे यहां आने वाले किसान नई तकनीकों और उन्नत खेती पद्धतियों का अवलोकन कर लाभ उठा सकें।
कलेक्टर शर्मा ने पाम ऑयल की खेती को लाभकारी बताते हुए किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने और नर्सरी तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को आसानी से पौधे उपलब्ध हो सकें। उन्होंने वर्ष 2026 में जिले में लगभग 200 एकड़ में पाम ऑयल की खेती का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्ययोजना बनाने को कहा।
इस दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र में संचालित दुग्ध उत्पादन इकाई का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्र परिसर में आम का पौधा भी रोपित किया।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने प्रदर्शनी सह प्रशिक्षण केन्द्र में उपस्थित किसानों से मुलाकात की और खेती से जुड़ी जानकारी एवं अनुभव के बारे में चर्चा की। उन्होंने किसानों को रबी सीजन में धान की खेती कम करने की सलाह देते हुए कहा कि इसमें अधिक पानी की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल का दोहन बढ़ता है। इसके स्थान पर तिलहन, दलहन और मसूर की खेती करने पर जोर दिया, जिनकी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है।
कलेक्टर ने किसानों को फसल विविधीकरण अपनाकर उन्नत किसान बनने के लिए प्रेरित किया। किसानों ने भी बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र में उन्हें खेती के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी मिलती है, जिससे उन्हें लाभ हो रहा है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल, कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिष्ठाता अंगद सिंह राजपूत, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, उप संचालक कृषि दीपक नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
