कोरबा, 22 जून (वेदांत समाचार)। उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय जु-जित्सु चैंपियनशिप में कोरबा नगर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 5 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंत्री देवांगन ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री ने जिन खिलाड़ियों से भेंट की, उनमें अतिन शर्मा, आदवितेय यादव, विधि विजयवर्गीय, दीपेंद्र चंद्रा, प्रणव निर्मलकर, अगस्य शर्मा, स्नेहा बनर्जी और अर्णव यादव शामिल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
लखनलाल देवांगन ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में देश के लिए भी पदक जीतकर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के कोच प्रेम राज बंजारे और स्नेहा बंजारे सहित अभिभावकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय जु-जित्सु चैंपियनशिप में कोरबा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना दिया है। खिलाड़ियों की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और यह साबित कर रही है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

