CG NEWS : किशोरी के पेट में दर्द उठने पर रेप का खुलासा आरोपी गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : किशोरी के पेट में दर्द उठने पर रेप का खुलासा आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव,22 जून (वेदांत समाचार)। जिले के डोंगरगांव थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह गंभीर मामला पीड़िता के छह माह की गर्भवती होने के बाद सामने आया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से पकड़ा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत पर परिजनों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों की जांच में पता चला कि लड़की छह महीने की गर्भवती है।

पूछताछ में नाबालिग ने आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने 17 जून को बसंतपुर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। क्योंकि घटना डोंगरगांव थाना क्षेत्र की थी, बसंतपुर पुलिस ने ‘जीरो’ एफआईआर दर्ज कर केस डायरी डोंगरगांव थाने को भेजी। डोंगरगांव पुलिस ने डायरी मिलते ही अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(1), 65(1) और पाक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया। ASP कीर्तन राठौर ने बताया कि एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के संबंध में केस दर्ज किया गया है। इसमें पाक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुभाष गेडरे (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है।