नई दिल्ली,21 जून : इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है. इस टीम में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है. वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ शतक जड़ने के बाद भी यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला है. टीम के कप्तान शुभमन गिल हैं वहीं उप कप्तान श्रेयस अय्यर हैं. इनके अलावा टीम में दो विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और केएल राहुल होंगे.
शतक जड़ने के बाद भी यशस्वी बाहर
अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने वाली वनडे टीम के मुकाबले तुलना करें तो इंग्लैंड जाने वाली टीम में बल्लेबाजों में से यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला. यशस्वी जायसवाल ने चेन्नई में खेले तीसरे और आखिरी वनडे में 110 रन की शानदार पारी खेली थी. यशस्वी जायसवाल की जगह ही टीम के टॉप ऑर्डर में विराट कोहली की वापसी हुई है.
विराट टीम में लौटे मगर अभी फिटनेस टेस्ट पास करना जरूरी
विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम से बाहर हो गए थे. उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में हुई थी. हालांकि, टीम में चुने गए विराट कोहली का इंग्लैंड में खेलना पूरी तरह से उनके फिटनेस टेस्ट के नतीजे पर निर्भर करेगा. विराट कोहली का फिटनेस टेस्ट 22 जून को बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा.
जसप्रीत बुमराह भी टीम में लौटे
विराट कोहली के अलावा जसप्रीत बुमराह की भी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में वापसी हुई है. उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया गया था और अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की तरफ से उन्हें इंग्लैंड में खेलने की क्लीन चिट मिल चुकी है.
बुमराह के अलावा हर्षित राणा भी इंजरी के चलते लंबे समय तक दूर रहने के बाद टीम में वापसी कर चुके हैं. बाकी तेज गेंदबजों में अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा टीम में अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे.

