CG NEWS : रिटायर कर्मचारी से एक लाख की ठगी केवाईसी अपडेट का झांसा देकर खाते से किया पार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : रिटायर कर्मचारी से एक लाख की ठगी केवाईसी अपडेट का झांसा देकर खाते से किया पार…

बिलासपुर,21 जून (वेदांत समाचार)। ऑनलाइन ठगी के एक और मामले में तारबाहर क्षेत्र के एक सेवानिवृत्त पीएचई कर्मचारी को 97 हजार रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। ठग ने खुद को यूको बैंक का कर्मचारी बताकर केवाईसी अपडेट कराने का झांसा दिया और ओटीपी हासिल कर खाते से रकम निकाल ली। दीपूपारा, तारबाहर निवासी अरूप कुमार पाल ने पुलिस को बताया कि 5 जून की दोपहर करीब 3 बजे उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया।

कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल शर्मा बताते हुए खुद को यूको बैंक, बिलासपुर का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि केवाईसी अपडेट नहीं होने के कारण उनका बैंक खाता बंद हो सकता है। बातचीत के दौरान आरोपी ने उनके खाते में एक रुपया जमा कराया, जिससे उसे भरोसा हो गया कि कॉल बैंक से ही की गई है। इसके बाद आरोपी ने ओटीपी हासिल कर दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 80 हजार और 17 हजार रुपए निकाल लिए।

पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह हृदय संबंधी सर्जरी के लिए हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती थे। धोखाधड़ी का पता चलने पर उन्होंने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल और तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर और बैंक लेन-देन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।