गाय ने मासूम पर किया हमला मची चीख-पुकार... - vedantsamachar.in

गाय ने मासूम पर किया हमला मची चीख-पुकार…

दिल्ली,21 जून। सड़कों और गलियों में घूमते आवारा पशु अक्सर किसी पर भी हमला कर देते हैं. राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद में जो घटना सामने आई है, वो झकझोर देने वाली है. एक बच्चे घर से बाहर निकला था. गली में घूमती आवारा गाय उस पर टूट पड़ती है. बच्चे की चीखों से गली गूंज जाती है. लोग घर से निकलते हैं और जैसे-तैसे बच्चे को बचाते हैं. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल, ये पूरी घटना बीते 19 जून को तुगलकाबाद एक्सटेंशन के गली नंबर 10 में हुई है.

वायरल वीडियो इसी जगह का है. इसमें नजर आ रहा है कि गली में सामान्य तरीके से लोग आते-जाते दिखते हैं. कुछ सेकेंड के बाद चीखने की आवाज सुनाई देती है. एक आवारा गाय बच्चे पर बुरी तरह हमला करती है. कुछ सेकेंड तक बच्चा खुद को बचाने की कोशिश करता रहा है और उठ-उठकर भागता है, लेकिन बेकाबू गाय उसे कुचलती रहती है. बच्चा बचाने की गुहार लगाता है, मम्मी-मम्मी चीखता है. उसकी चीख सुनकर लोग बाहर निकलते हैं, तब वे बचाने दौड़ते हैं. यह वायरल सीसीटीवी फुटेज दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के तुगलकाबाद एक्सटेंशन का है. वीडियो में दिखता है कि एक व्यक्ति गाय के पास पहुंचता है, गाय उस पर भी अटैकिंग मोड में आ जाती है.

जैसे-तैसे वो व्यक्ति बच्चे को उठाता है और गोद में लेकर दौड़ना शुरू कर देता है. कुछ दूर पहुंचने के बाद वो व्यक्ति लड़खड़ाकर गिर जाता है. गाय फिर भी उसका पीछा कर हमला करती है. इसी बीच गली में कुछ और लोग आ जाते हैं और गाय को भगाने की कोशिश करते हैं. गाय के हमले में बच्चा घायल हो गया है. बच्चा गली में खेल रहा था, तभी गाय ने उस पर हमला कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा पशुओं की संख्या लगातार क्षेत्र में बढ़ रही है, जिसकी वजह से इस तरीके की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं. फिलहाल बच्चे की हालत ठीक है.