कोरबा,21 जून (वेदांत समाचार)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
देवी अहिल्याबाई कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
योगाभ्यास कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से सहायक राज्य आयुक्त (गाइड) गनेशी सोनकर, ब्लॉक सचिव कोरबा नमिता श्यामकुंवर कड़वे, गाइड कैप्टन संतोषी पटेल, कब मास्टर मेषराम पटेल, रोवर लीडर राजीव साहू तथा जगन्नाथ सिंह नेताम सहित बड़ी संख्या में सीनियर स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्काउट्स-गाइड्स के सदस्यों ने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए लोगों को इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में भी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं लीडर्स ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

