13,912 आवेदनों के सफल निराकरण का रिकॉर्ड, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया सम्मानित
रायपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डिजिटल सुशासन और जनसेवा को मजबूत करने की दिशा में संचालित सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां सामने आ रही हैं। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सेवा सेतु केंद्र में कार्यरत विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (वीएलई) निर्दोष लकड़ा ने वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक ट्रांजैक्शन कर प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई बनने का गौरव हासिल किया है।
रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने निर्दोष लकड़ा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों तक शासकीय सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।
वर्ष 2025-26 के दौरान निर्दोष लकड़ा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 13,912 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण कर नया रिकॉर्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन हुआ है, बल्कि डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में भी एक नई मिसाल कायम हुई है।
सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन से जिले के ग्रामीणों को अब आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। अधिकांश सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं।
निर्दोष लकड़ा ने तकनीक के प्रभावी उपयोग, कार्य के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ हजारों ग्रामीण परिवारों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की है। उनका सेवा केंद्र अब ग्रामीणों के लिए केवल सुविधा केंद्र नहीं, बल्कि भरोसेमंद समाधान का माध्यम बन चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद निर्दोष लकड़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से प्रत्येक नागरिक का जीवन सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को बिना परेशानी के समय पर सेवाएं मिलती हैं और उनका समय व संसाधन बचते हैं, तभी डिजिटल भारत और सुशासन की परिकल्पना वास्तविक रूप लेती है।
बलरामपुर जिले में सेवा सेतु पोर्टल का प्रभावी क्रियान्वयन प्रदेश में सुशासन और डिजिटल सेवा विस्तार की दिशा में एक सफल मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है।

