- कोरबा के लमना स्कूल पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा; नीट-जेईई कोचिंग और शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की दी जानकारी
कोरबा, 5 अगस्त 2026 (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना में बुधवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत स्वयं शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को भौतिकी विषय का पाठ पढ़ाया और कठिन विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
कलेक्टर ने विद्यालय का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, निर्माणाधीन कार्यों और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, पसंदीदा विषय और स्कूल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी मेहनत और लगन से प्रयास करने पर सफलता निश्चित रूप से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सही उपयोग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है।
कलेक्टर ने पढ़ाया भौतिकी का पाठ
विद्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान पढ़ाया। उन्होंने भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी और विस्थापन जैसे विषयों को आसान भाषा में समझाया। कलेक्टर की शिक्षण शैली से विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने विषय से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका कलेक्टर ने समाधान किया।
विद्यार्थियों से जानी स्कूल की समस्याएं
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय की जरूरतों और समस्याओं को लेकर चर्चा की। छात्रों ने प्रयोगशाला, प्रायोगिक सामग्री, पुस्तकालय, खेल मैदान, खेल सामग्री, पृथक शौचालय, कक्षाओं में सीपेज और प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याओं की जानकारी दी।
कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने वर्तमान भवन में सीपेज की मरम्मत जल्द कराने, प्रयोगशाला और पुस्तकालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
नीट-जेईई कोचिंग और शिक्षा योजनाओं की दी जानकारी
विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना और नीट-जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के लिए दी जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यार्थी इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से इसरो जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया जाएगा।
शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों से भी चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता, शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणाम और विद्यालय संचालन से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

