India Women Semi Final Scenario after South Africa match: भारत की महिला क्रिकेट टीम को महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने तीसरे मैच में साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा है. मैनचेस्टर में खेले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारतीय महिलाओं को 6 विकेट से हराया. इस हार के बाद अब सवाल ये है कि टीम इंडिया , महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में कैसे पहुंचेगी? टीम इंडिया महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप 1 में है, जिसमें साउथ अफ्रीका के अलावा ऑस्ट्रेलिया भी है. ग्रुप से टॉप 2 टीमें ही सेमीफाइनल में जाएंगी. ऐसे में साउथ अफ्रीका से मिली हार ने हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम के लिए चिंता बढ़ा दी है.
पॉइंट्स टेबल में हार के बाद भी साउथ अफ्रीका से आगे भारत
अब तक 3-3 मैच खेलने के बाद भारतीय महिला टीम ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर है. भारत ने 3 में से 2 मैच जीते हैं और उसके 4 पॉइंट हैं, जबकि रन रेट 2.511 का है. वहीं ऑस्ट्रेलिया अपने तीनों मुकाबले जीतकर टॉप पर है. वहीं साउथ अफ्रीका की टीम भारत से जीतने के बाद भी तीसरे नंबर पर हैं. इसने भी 3 में से 2 मुकाबले जीतकर 4 अंक हासिल किए हैं और इसका रन रेट माइनस ( -0.546) में है.
आगे की राह साउथ अफ्रीका की आसान, भारत की मुश्किल
फिलहाल के लिए पॉइंट्स टेबल का गणित देखकर टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में जाना आसान दिखता है. लेकिन, ऐसा है नहीं, क्योंकि अब आगे की राह साउथ अफ्रीका के लिए जितनी आसान नजर आती है, टीम इंडिया के लिए उतनी ही मुश्किल. साउथ अफ्रीका को जहां नीदरलैंड्स और बांग्लादेश से अपने आखिरी दो मुकाबले खेलने हैं. वहीं भारत को बांग्लादेश के अलावा ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत चुनौती का भी सामना करना है.
भारत के पास सेमीफाइनल खेलने के समीकरण
मतलब साफ है भारत को सेमीफाइनल में जाने के लिए बांग्लादेश के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा और अगर ऐसा नहीं हुआ. भारत अगले 2 में से एक मैच हार गया तो फिर उस सूरत में ये दुआ करनी होगी कि साउथ अफ्रीका, नीदरलैंड्स या बांग्लादेश में से किसी एक के खिलाफ भी हार जाए. वैसा होने पर बेहतर रन रेट के आधार पर भारत के आगे जाने के चांस रहेंगे.
नेट रनरेट बनाए रखना भी क्यों है जरूरी?
लेकिन अगर साउथ अफ्रीका ने भी अपने अगले दोनों मुकाबले जीत लिए और भारत ने भी बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया तो फिर 3 टीमें- भारत, साउथ अफ्रीका के अलावा ऑस्ट्रेलिया के बराबर अंक हो सकते हैं और उस सूरत में इन टीमों के बीच दो का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. इसलिए आगे आने वाले मुकाबले में जीत के साथ-साथ रन रेट भी जरूरी है, जिसमें फिलहाल ऑस्ट्रेलिया और भारत से साउथ अफ्रीका काफी पीछे है.

