कोरबा, 10 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कुसमुण्डा और दीपका पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। बिना सुरक्षा के ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) का अवैध परिवहन करते पाए गए 8 वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल 5800 लीटर डीजल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में 9 अप्रैल 2026 को यह कार्रवाई की गई। सूचना मिलने पर दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर गवाहों की मौजूदगी में वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करते हुए डीजल परिवहन कर रहे आरोपियों पर कार्रवाई की।
कुसमुण्डा थाना और सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में कुल 5150 लीटर डीजल जब्त किया गया। इस दौरान चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। बेल्टिकरी निवासी तिरेंद्र ठाकरे से 3605 लीटर, रंजना निवासी नवलेश सिंह से 545 लीटर, बुंदेली निवासी केशव कश्यप से 500 लीटर और जोरहाडबरी निवासी अमन कुमार से 500 लीटर डीजल जब्त किया गया। सभी के खिलाफ धारा 287 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दीपका थाना क्षेत्र में भी चार प्रकरण दर्ज कर कुल 650 लीटर डीजल जब्त किया गया। सूची हरदी निवासी झूलेलाल दुलार साय यादव से 200 लीटर, रेकी निवासी सुनील कुमार यादव से 200 लीटर, चौड़हा निवासी दिलहरण मरावी से 250 लीटर और ज्योति नगर दीपका निवासी सुनील कुमार सिंह से 300 लीटर डीजल बरामद किया गया। इस दौरान बोलेरो पिकअप और अन्य वाहनों को भी जब्त किया गया।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन केवल निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
