CG CRIME: देशी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार जब्त - vedantsamachar.in

CG CRIME: देशी कट्टा लहराकर लोगों को धमकाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार जब्त

बेमेतरा, 18 जुलाई (वेदांत समाचार)। बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने ग्राम खुडमुड़ी में सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुडमुड़ी स्थित गौठान के पास बाजार चौक में एक युवक हाथ में देशी कट्टा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल को दी गई। एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस ने बाजार चौक में घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम तुषार निषाद (23 वर्ष) निवासी खुडमुड़ी, थाना एवं जिला बेमेतरा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक काले रंग का अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। आरोपी कट्टा रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ के दौरान तुषार निषाद ने बताया कि यह देशी कट्टा उसे प्रतीक वैष्णव उर्फ दद्दू दाउ निवासी नवागांव (खुडमुड़ी) ने दिया था। इसके बाद पुलिस ने प्रतीक वैष्णव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि उसे यह देशी कट्टा अपने खेत की मेड़ के पास कनेर के पेड़ के पास पड़ा मिला था, जिसे उसने तुषार निषाद को दे दिया था।

मामले में पुलिस ने तुषार निषाद और प्रतीक वैष्णव उर्फ दद्दू दाउ के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उपनिरीक्षक रेशम लाल भास्कर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विजयेंद्र कश्यप, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा के पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।