रायगढ़, 18 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रायगढ़ ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक दृष्टिकोण से 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से स्थानांतरण किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के तहत कई थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रिजर्व सेंटर में पदस्थ निरीक्षकों एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को विभिन्न थानों और शाखाओं में पदस्थ किया गया है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस फेरबदल से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ पुलिसिंग में तेजी आएगी।
स्थानांतरण सूची के अनुसार निरीक्षक रोशन कौशिक को रिजर्व सेंटर रायगढ़ से थाना प्रभारी भूपदेवपुर बनाया गया है। निरीक्षक धर्माराम तिर्की को थाना प्रभारी कापू तथा निरीक्षक रोहित बंजारे को यातायात थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक नारायण सिंह मरकाम को यातायात से थाना प्रभारी अज़ाक भेजा गया है। निरीक्षक अनुरंजन लकड़ा को अज़ाक से वापस रिजर्व सेंटर रायगढ़ पदस्थ किया गया है।
इसी प्रकार निरीक्षक अमित कुमार तिवारी को रिजर्व सेंटर से प्रभारी न्यायालय शाखा पुलिस कार्यालय रायगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। उप निरीक्षक ईश्वर यादव को कापू से चौकी प्रभारी रेंगालमुड़ा, जबकि उप निरीक्षक विनय कुमार एक्का को रेंगालमुड़ा से थाना कोतवाली रायगढ़ भेजा गया है। उप निरीक्षक संजय नाग को भूपदेवपुर से साइबर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहायक उप निरीक्षक अमृत मिंज को थाना कोतवाली से रिजर्व सेंटर, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन को रिजर्व सेंटर से थाना कोतवाली तथा सहायक उप निरीक्षक प्रेमसाय भगत को थाना अज़ाक से थाना लैलूंगा पदस्थ किया गया है। सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह पटेल के स्थानांतरण आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें यथावत थाना जुटमिल में ही बनाए रखा गया है।
प्रधान आरक्षक लखेश्वर मानसरे को भूपदेवपुर से संशोधित आदेश के तहत थाना कोतवाली रायगढ़ भेजा गया है। आरक्षक जगमोहन ओझा का तबादला सायबर थाना से थाना कापू तथा आरक्षक जॉन प्रकाश टोप्पो को रिजर्व सेंटर से थाना तमनार पदस्थ किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज सहित संबंधित अधिकारियों एवं शाखाओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

