दिव्यांग मदन दास को मिली बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, बदली जिंदगी की रफ्तार – vedantsamachar.in

दिव्यांग मदन दास को मिली बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, बदली जिंदगी की रफ्तार

कोरबा, 10 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सार्थक पहल कर रहा है। इसी कड़ी में रुमगरा निवासी 55 वर्षीय दिव्यांग मदन दास को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है और अब उनका आवागमन आसान हो गया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व और जिला प्रशासन के प्रयासों के तहत यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।

मदन दास, जो लंबे समय से चलने-फिरने में कठिनाई का सामना कर रहे थे, अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए बगीचे में पानी देने जैसे कार्य करते हैं। तीन बच्चों के पिता होने के कारण उन पर पारिवारिक जिम्मेदारियां भी हैं, लेकिन शारीरिक असुविधा के चलते उन्हें रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानी होती थी।

जिला प्रशासन की पहल पर उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे अब वे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक जा पा रहे हैं। इस सहायता ने न केवल उनके आवागमन को सरल बनाया है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी की है।

मदन दास ने बताया कि ट्राइसाइकिल मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। अब वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने उनके जीवन को आसान बना दिया है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई ताकत दी है।