KORBA : योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास... - vedantsamachar.in

KORBA : योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, सियान गुड़ी में वरिष्ठ नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास…

कोरबा,22 जून (वेदांत समाचार)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जय शकुन्तला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित सियान गुड़ी (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) में योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।


योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित बुजुर्गों को बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए सरल एवं उपयोगी योग क्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग एवं ध्यान से शरीर स्वस्थ, मन शांत और तनावमुक्त रहता है, साथ ही अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचाव में भी मदद मिलती है।


कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की एक प्रभावी पद्धति है। यह भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।


योग दिवस के अवसर पर सियान गुड़ी का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मकता से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी वरिष्ठ नागरिकों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।