Korba ब्रेकिंग: भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमला, स्टील रॉड से दोनों पैर तोड़े; राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप - vedantsamachar.in

Korba ब्रेकिंग: भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमला, स्टील रॉड से दोनों पैर तोड़े; राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप

कोरबा, 15 जून (वेदांत समाचार)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज और गंभीर घटना सामने आई, जहां भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने स्टील रॉड से हमला कर उनके दोनों पैरों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर का जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली के साथ उनके भतीजे से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर मतभेद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी मामले में कुछ समय पहले तोमर के भतीजे की गिरफ्तारी भी हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, विवाद को सुलझाने और आपसी बातचीत के लिए शिव बालक सिंह तोमर ने रज्जाक अली से संपर्क किया था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बातचीत के बहाने उन्हें एक वाहन में बैठाया गया। आरोप है कि रास्ते में वाहन रोककर रज्जाक अली और उसके साथियों ने तोमर को नीचे उतारा और स्टील की रॉड से उनके पैरों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके दोनों पैर घुटने के नीचे से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के बाद घायल अवस्था में शिव बालक सिंह तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर घायल भाजपा नेता के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना की खबर फैलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घायल शिव बालक सिंह तोमर की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है और भाजपा नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की है।