कोरबा, 11 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और कृषि विकास को बढ़ावा देने वाली नीतियों का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। खरीफ सीजन 2026 से पहले किसानों को खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था से किसानों में उत्साह और विश्वास बढ़ा है।
जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण किया गया है, जिससे किसानों को बिना किसी परेशानी के आवश्यक कृषि आदान सामग्री मिल रही है। सरकार की इस पहल से किसानों की खेती की तैयारियां समय पर पूरी हो रही हैं और बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ी है।
कोरबा जिले के ग्राम विजयपुर निवासी किसान शैलेंद्र प्रसाद साहू ने बताया कि वे करीब साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करते हैं। आगामी खरीफ सीजन की तैयारी के लिए वे कटघोरा स्थित सहकारी समिति पहुंचे, जहां उन्हें जरूरत के अनुसार बीज, 3 बोरी डीएपी और 6 बोरी यूरिया आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद बिना किसी दिक्कत के खाद मिल गया, जिससे खेती की तैयारियां समय पर शुरू करने में मदद मिली।
शैलेंद्र साहू के अनुसार खरीफ सीजन के दौरान किसानों की सबसे बड़ी चिंता खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर रहती है, लेकिन इस बार ऐसी कोई समस्या सामने नहीं आई। शासन द्वारा पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किए जाने से किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री मिल रही है। उन्होंने सहकारी समिति के कर्मचारियों और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को बेहतर सुविधा मिलने से खेती के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि समय पर खाद और बीज मिलने से फसल उत्पादन में सुधार होगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार किसानों की जरूरतों और समस्याओं को समझते हुए लगातार उनके हित में फैसले ले रही है, जिससे खेती करना पहले की तुलना में अधिक आसान और सम्मानजनक बन गया है।
शैलेंद्र साहू ने किसानों के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और किसानों में खेती को लेकर नई उम्मीद जगी है।

