नैनो यूरिया ने बढ़ाई किसान भागवत प्रसाद टंडन की आय और उत्पादकता - vedantsamachar.in

नैनो यूरिया ने बढ़ाई किसान भागवत प्रसाद टंडन की आय और उत्पादकता

जांजगीर-चांपा, 10 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जिले के जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम कचंदा निवासी किसान भागवत प्रसाद टंडन लगभग तीन एकड़ भूमि पर खेती करते हैं। परंपरागत खेती के साथ बढ़ती लागत और बेहतर उत्पादन की चुनौती उनके सामने हमेशा बनी रहती थी। ऐसे समय में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप कृषि क्षेत्र में नवाचार को अपनाते हुए अपने खेतों में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का उपयोग शुरू किया।

कृषि विभाग से प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। नैनो उर्वरकों के प्रयोग से उनकी फसल में बेहतर पैदावार हुई, पौधों को संतुलित पोषक तत्व मिले और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।


श्री टंडन कहते हैं कि नैनो उर्वरकों की कम मात्रा में ही बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं, जिससे उर्वरक लागत में कमी आई है। साथ ही फसल की गुणवत्ता और पैदावार में भी सुधार हुआ है। उनका कहना है कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का परिवहन और उपयोग भी बेहद आसान है, जिससे किसानों को अतिरिक्त सुविधा मिलती है। बेहतर उत्पादन और कम लागत के कारण उनकी आय में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है और खेती पहले की अपेक्षा अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनी है। भागवत प्रसाद टंडन का मानना है कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय और उत्पादकता दोनों बढ़ा सकते हैं।