मुंगेली, 25 जुलाई (वेदांत समाचार)। लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई लूट की घटना का मुंगेली पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार नाबालिगों को विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई की रात देवरहट निवासी धरमीन बाई के घर में आरोपियों ने घुसकर चाकू दिखाकर परिवार को धमकाया और सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल एवं नकदी रकम लूटकर फरार हो गए थे। मामले में लालपुर थाना में अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और जांच के आधार पर पीपरखुंटा निवासी सोनू टंडन और देवी टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी और चार नाबालिगों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 नग सोने की मनचली, चांदी का करधन, पायल, टॉप्स, अंगूठी, मोबाइल, 8650 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में देवी टंडन (26), सोनू टंडन (23), शैलेन्द्र टंडन (18) और आर्यन जोशी उर्फ लेडी (18) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।

