बिलासपुर, 25 जुलाई (वेदांत समाचार)। रविवार 26 जुलाई 2026 को शहर में दो महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। परीक्षाओं में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला पुलिस और यातायात विभाग ने कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
व्यापम रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचालक (PSLA26) परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) रायपुर द्वारा आयोजित सहायक ग्रंथपाल प्रारंभिक परीक्षा 2026 भी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगी।
इन दोनों परीक्षाओं के लिए बिलासपुर शहर में कुल 76 और 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में शामिल होने के लिए बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और उनके परिजन शहर पहुंचेंगे। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री लागू रहेगी। जरूरत पड़ने पर यातायात दबाव वाले मार्गों में वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार परीक्षा के दौरान विशेष रूप से पुल-पुलिया, संकरे मार्ग, चौक-चौराहों, शॉपिंग मॉल क्षेत्र, शहर के प्रवेश और निकासी मार्गों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर यातायात दबाव की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी करेंगे।
प्रशासन ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे 26 जुलाई को सुबह 10 बजे परीक्षा शुरू होने से पहले और दोपहर 12:15 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए अपने गंतव्य के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर के बाहरी और सीमावर्ती मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

