बालाघाट में किसानों का बड़ा प्रदर्शन: बैलगाड़ी रैली निकाल विधायक विवेक पटेल ने सरकार को घेरा, समर्थन मूल्य और महंगाई पर उठाए सवाल - vedantsamachar.in

बालाघाट में किसानों का बड़ा प्रदर्शन: बैलगाड़ी रैली निकाल विधायक विवेक पटेल ने सरकार को घेरा, समर्थन मूल्य और महंगाई पर उठाए सवाल

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में किसानों ने बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याओं और जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक विक्की पटेल के नेतृत्व में किसानों ने बैलगाड़ी रैली और पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान किसानों ने धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये और गेहूं का 2700 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक विवेक पटेल स्वयं बैलगाड़ी चलाते हुए रैली में शामिल हुए, जबकि कई किसान अपने कंधों पर धान और गेहूं की बोरियां लेकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। रैली विधायक कार्यालय से शुरू होकर नगर के जय स्तंभ चौक पहुंची, जहां एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका वारासिवनी में कथित भ्रष्टाचार, व्यापारियों से मनमानी वसूली, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, खाद संकट, सिंचाई समस्याओं तथा नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना सभा को संबोधित करते हुए विधायक विवेक पटेल ने कहा कि किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है और क्षेत्र में खाद की गंभीर किल्लत बनी हुई है। नहरों की सफाई नहीं होने से किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। आवास निर्माण के लिए रेत की उपलब्धता नहीं है, जबकि डीजल की बढ़ती कीमतों से खेती-किसानी की लागत लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही और सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य का लाभ भी किसानों तक नहीं पहुंच रहा है। बढ़ती महंगाई का असर आम जनता की रसोई तक पहुंच गया है, जिससे खाद्य सामग्री सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

विधायक पटेल ने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार को महंगाई तथा जनसमस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।