बेमेतरा, 07 जून 2026 (वेदांत समाचार)। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू के निर्देशन में जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस स्टाफ ने परिसर के खाली स्थानों पर फूलदार, फलदार, छायादार एवं सजावटी पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) राजेश कुमार झा, एसडीओपी भूषण एक्का, एसडीओपी विनय कुमार, डीएसपी कौशिल्या साहू तथा डीएसपी शशीकला उईके के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में ऐसे पौधे लगाए गए जो भविष्य में न केवल हरियाली बढ़ाएंगे बल्कि छाया, फल और स्वच्छ वातावरण भी प्रदान करेंगे।
डीआईजी रामकृष्ण साहू ने पूर्व में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था कि वे अपने-अपने परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाएं। उन्होंने कहा कि फूलों और सजावटी पौधों से सुसज्जित परिसर न केवल आकर्षक दिखाई देते हैं बल्कि वहां आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों को सकारात्मक वातावरण का अनुभव भी कराते हैं। हरित वातावरण मानसिक तनाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं। पेड़-पौधे कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन का उत्सर्जन करते हैं, जिससे वातावरण शुद्ध रहता है। इसके अलावा वृक्ष तापमान नियंत्रित करने, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने तथा मानव जीवन को आवश्यक फल एवं पोषक तत्व उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बेमेतरा पुलिस द्वारा चलाया गया यह पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति पुलिस विभाग की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।

