कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16 टन अवैध कबाड़ और 4 वाहन जब्त, कीमत 13.40 लाख रुपये - vedantsamachar.in

कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16 टन अवैध कबाड़ और 4 वाहन जब्त, कीमत 13.40 लाख रुपये

कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और कबाड़ चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहनों को जब्त किया है। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 13.40 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक और नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिलेभर में कबाड़ चोरी और अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उरगा और कुसमुंडा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।

उरगा थाना पुलिस ने 6 जून को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कसडोल स्थित एक बंद परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ और वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने एक माजदा डीआरएस पिकअप, एक 407 ट्रक और एक अन्य ट्रक समेत करीब 14 टन लोहे का कबाड़ तथा मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स जब्त किए। इस कार्रवाई में बरामद सामग्री और वाहनों की अनुमानित कीमत 12.60 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं कुसमुंडा थाना पुलिस ने 7 जून को वैशालीनगर जरहाझेल स्थित 6 नंबर बैरियर मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को लावारिस हालत में खड़ा पाया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG-10-E-8576 में लोहे की जाली, पाइप, रोलर सहित लगभग 2 टन लोहे का कबाड़ भरा मिला। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वाहन और कबाड़ सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 16 टन लोहे का कबाड़ और 4 वाहन जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में जब्त सामग्री संदिग्ध और लावारिस प्रकृति की पाई गई। संबंधित व्यक्तियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर समस्त सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी के माल के अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों अथवा किसी भी अपराध संबंधी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।