राजेश यादव,सारंगढ़,05 जून 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि बारिश शुरू होने से पहले सीमांकन, बंटांकन, नामांतरण सहित लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में कलेक्टर ने जिले के सभी तहसीलदारों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में सारंगढ़ तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने तहसील क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में सीमांकन, बंटांकन एवं नामांतरण के प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।
तहसीलदार श्री सिन्हा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार 29 मई से 15 जून 2026 तक विशेष सीमांकन, बंटांकन एवं नामांतरण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि जिनके सीमांकन, बंटांकन, नामांतरण अथवा अन्य राजस्व प्रकरण लंबित हैं, वे अपने संबंधित हल्का पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से संपर्क कर आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि मामलों का शीघ्र निराकरण किया जा सके। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित पक्षकार सीधे तहसील कार्यालय अथवा तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं।
विशेष अभियान के माध्यम से लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

