इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है. 4 जून से शुरू हुए इस टेस्ट मैच के पहले ही दिन दो ऐसे गेंदबाजों का तांडव देखने को मिला, जिन्होंने इस मुकाबले के जरिए 27 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की. उनमें से एक रहे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ऑली रोबिन्सन और दूसरे रहे न्यूजीलैंड के पेसर काइल जैमीसन. इंग्लैंड-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच के पहले दिन इन दोनों गेंदबाजों ने अपनी-अपनी टीमों के लिए गेंद हाथ में थामते ही विकेटों की लाइन लगा दी. टेस्ट मैच के पहले दिन कुल 16 विकेट गिरे, जिसमें से 9 विकेट सिर्फ टेस्ट में लंबे समय बाद वापसी करने वाले दोनों गेंदबाजों ने लिए.
27 महीने बाद टेस्ट में लौटे रोबिन्सन-जैमीसन का कहर
ऑली रोबिन्सन और काइल जैमीसन, दोनों ने ही अपना आखिरी टेस्ट फरवरी 2024 में खेला था. ऐसे में जून 2026 में जब फिर से टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा तो 27 महीने बीत चुके थे. लॉर्ड्स में खेले जा रहे 3 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच का हाल ये है कि पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड के 61 रन पर 6 विकेट गिर गए. वहीं उससे पहले इंग्लैंड की टीम सिर्फ 39.4 ओवर में 140 रन पर ऑल आउट हो गई. इंग्लैंड के बुरे हाल की वजह काइल जैमीसन रहे तो न्यूजीलैंड का जो हाल हुआ वो रोबिन्सन ने किया.

