0.कोरबा जोन में 04 एवं 05 जून को होगा आयोजन, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आदेश जारी कर तिथिवार शिविरों के आयोजन हेतु सौपे दायित्व
कोरबा 03 जून 2026 (वेदांत समाचार)- नगर पालिक निगम कोरबा के सभी 07 जोन कार्यालयों में क्रमशः निर्धारित तिथियों में पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेला का आयोजन किया जायेगा, प्रत्येक जोन में यह आयोजन 02 दिवसों में आयोजित होगा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने इस हेतु आदेश जारी कर निगम के उपायुक्त पवन वर्मा को नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता तपन योगी तिवारी को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुये सफलतापूर्वक आयोजन किये जाने केे निर्देश दिये हैं।
छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय नवा रायपुर अटलनगर से प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार नगर पालिक निगम केारबा क्षेत्रांतर्गत विभिन्न तिथियों में स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जाना हैं, निगम का यह आयोजन सभी 07 जोन कार्यालयों में पूर्व निर्धारित तिथियों में किये जायेगें। इसके तहत प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजनांतर्गत शहरी पथ विक्रेताओं एवं असंगठित श्रमिकों को वित्तीय समावेशन डिजिटल सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों से जोड़ने तथा पथ विक्रेताओं के लिये सूक्ष्म ऋण पहुंच, सामाजिक कल्याण सुनिश्चित करने आदि से जुडे़ विविध कार्य किये जायेगें। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेले के सफल आयोजन हेतु आदेश जारी कर निर्धारित तिथियों में जोनवार उक्त आयोजन किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी जोन के सहायक अभियंताओं को उनके जोन का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने जोन कमिश्नर के मार्गदर्शन में शिविर की सम्पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे।
इन तिथियों में लगेंगे जोनवार शिविर – जारी आदेश के अनुसार निगम के कोरबा जोन में 04 एवं 05 जून को प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक शिविर आयोजित किया जायेगा। इसी प्रकार टी.पी.नगर जोन में 08 जून एवं 09 जून को, कोसाबाड़ी जोन में 11 एवं 12 जून को, पं.रविशंकर शुक्ल नगर जोन में 15 व 16 जून को, बालको जोन में 18 व 19 जून को, दर्री जोन में 22 व 23 जून को तथा सर्वमंगला नगर जोन को 25 व 26 जून को स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेला शिविर के आयोजन कियेे जायंेगे। प्रत्येक शिविर सुबह 11 बजे से शाम 04 बजे तक निर्धारित तिथियों में आयोजित होंगे।

