म्यूजिक लवर्स के लिए खुशखबरी! Amazon Music Unlimited भारत में लॉन्च, 6 महीने तक नहीं देना होगा एक भी रुपया - vedantsamachar.in

म्यूजिक लवर्स के लिए खुशखबरी! Amazon Music Unlimited भारत में लॉन्च, 6 महीने तक नहीं देना होगा एक भी रुपया

Amazon Music Unlimited: अमेजन इंडिया ने मंगलवार 2 जून को भारत में अपनी प्रीमियम म्यूजिक स्ट्रीमिंग सर्विस अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड लॉन्च कर दी है. इस सर्विस के जरिए यूजर्स को विज्ञापन फ्री म्यूजिक, HD और Ultra HD ऑडियो, Dolby Atmos आधारित Spatial Audio और ऑफलाइन डाउनलोड जैसी सुविधाएं मिलेंगी. कंपनी ने लॉन्च के साथ Prime और Non-Prime यूजर्स के लिए फ्री ट्रायल ऑफर भी पेश किया है. कंपनी का कहना है कि नई सर्विस भारतीय यूजर्स को उनकी जरूरत और बजट के अनुसार बेहतर म्यूजिक स्ट्रीमिंग विकल्प उपलब्ध कराएगी. यह सर्विस सीधे तौर पर Spotify, YouTube म्यूजिक और अन्य लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स को चुनौती दे सकती है.

इतनी है कीमत, 6 महीने मिलेगा फ्री एक्सेस
अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड की मासिक कीमत Prime मेंबर्स के लिए 99 रुपये रखी गई है, जबकि नॉन-प्राइम यूजर्स को इसके लिए 119 रुपये प्रति माह खर्च करने होंगे. कंपनी ने लॉन्च के साथ आकर्षक फ्री ट्रायल ऑफर भी पेश किया है. प्राइम सदस्य इस सर्विस का 6 महीने तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके बाद उनसे 99 रुपये प्रति माह लिए जाएंगे. वहीं Non-प्राइम यूजर्स को 3 महीने का फ्री ट्रायल मिलेगा, जिसके बाद 119 रुपये प्रति माह का शुल्क देना होगा. इस मेंबरशिप के साथ यूजर्स को 10 करोड़ से अधिक गानों, पॉडकास्ट और हाई क्वालिटी ऑडियो कंटेंट तक पहुंच मिलेगी, जिससे यह सर्विस संगीत प्रेमियों के लिए काफी आकर्षक बन सकती है.

अमेजन म्यूजिक के तीन अलग-अलग विकल्प
कंपनी ने भारत में अमेजन म्यूजिक को तीन अलग-अलग स्तरों में उपलब्ध कराने की घोषणा की है. इनमें सबसे प्रीमियम सर्विस अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड है, जिसमें विज्ञापन फ्री म्यूजिक, ऑफलाइन डाउनलोड, HD, Ultra HD और Spatial Audio जैसे फीचर्स मिलते हैं. दूसरा विकल्प अमेजन म्यूजिक फॉर प्राइम मेंबर्स है, जो प्राइम सदस्यता के साथ बिना अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध रहेगा. इसमें 10 करोड़ से ज्यादा गानों और पॉडकास्ट का एक्सेस तो मिलेगा, लेकिन कुछ सीमाएं होंगी और ऑफलाइन डाउनलोड की सुविधा नहीं दी जाएगी. इसके अलावा कंपनी जल्द ही अमेजन म्यूजिक फ्री भी लॉन्च करेगी. इस वर्जन में यूजर्स पूरे म्यूजिक कैटलॉग का लाभ उठा सकेंगे, लेकिन इसके साथ विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे.

Dolby Atmos और डाउनलोड फीचर
अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड को खास तौर पर उन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जो बेहतर ऑडियो क्वालिटी और प्रीमियम सुनने का अनुभव चाहते हैं. इस सर्विस में HD और Ultra HD ऑडियो के साथ Dolby Atmos आधारित Spatial Audio का सपोर्ट मिलता है, जिससे गानों को अधिक स्पष्ट और स्टूडियो जैसी क्वालिटी में सुना जा सकता है. इसके अलावा यूजर्स बिना किसी विज्ञापन के लगातार म्यूजिक और पॉडकास्ट का आनंद ले सकेंगे. ऑफलाइन डाउनलोड फीचर की मदद से पसंदीदा गानों को डाउनलोड करके इंटरनेट के बिना भी सुना जा सकता है. भारतीय बाजार में पहले से मौजूद Spotify, YouTube म्यूजिक, एपल म्यूजिक और जियोसावन जैसी सर्विसओं के बीच अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड की कीमत और फ्री ट्रायल ऑफर इसे मजबूत प्रतिस्पर्धी बना सकते हैं.