KORBA BREAKING:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, प्लाटून कमांडर पर अपराध दर्ज - vedantsamachar.in

KORBA BREAKING:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, प्लाटून कमांडर पर अपराध दर्ज

कोरबा,17 जुलाई 2026। दर्री थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर प्लाटून कमांडर प्रमोद महंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी पहचान प्रमोद महंत से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि आरोपी लंबे समय तक शादी का आश्वासन देकर उसका शोषण करता रहा।

समय बीतने के बाद जब युवती ने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी बहाने बनाने लगा। काफी प्रयासों के बाद भी जब उसने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया, तब पीड़िता ने दर्री थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान दोनों के संबंधों और अन्य परिस्थितियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।