CG Breaking : साप्ताहिक बाजार में गिरी आकाशीय बिजली, महिला की मौत, 10 लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर - vedantsamachar.in

CG Breaking : साप्ताहिक बाजार में गिरी आकाशीय बिजली, महिला की मौत, 10 लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर

दंतेवाड़ा। जिले के चंदेनार साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे

11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए, जिसमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 9 अन्य लोगों को चोटें आई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन तक अंधड़, बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इस बीच मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव से लगे जंगल में भीषण गर्मी और लू के कारण एक मादा भालू की मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

अगर पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश गरियाबंद जिले में रिकॉर्ड हुई, जबकि सुकमा और सूरजपुर के रामानुजनगर में 20-20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।