Apple ने जारी किया iOS का नया अपडेट, डाउनलोड करते ही चार्जिंग की दिक्कत हो जाएगी खत्म - vedantsamachar.in

Apple ने जारी किया iOS का नया अपडेट, डाउनलोड करते ही चार्जिंग की दिक्कत हो जाएगी खत्म

एपल ने आईफोन यूजर्स के लिए नया iOS 26.5.1 अपडेट जारी कर दिया है. यह अपडेट खास तौर पर iPhone Air और iPhone 17 सीरीज में सामने आई चार्जिंग समस्या को ठीक करने के लिए लाया गया है. कंपनी के अनुसार, कुछ यूजर्स को बैटरी पूरी तरह खत्म होने के बाद वायर्ड चार्जिंग शुरू करने में दिक्कत आ रही थी. करीब तीन सप्ताह पहले आए iOS 26.5 अपडेट के बाद अब यह नया अपडेट एक महत्वपूर्ण बग फिक्स लेकर आया है. यदि आप भी अपने आईफोन में चार्जिंग की दिक्कत का सामना कर रहे हैं तो आपको नया अपडेट डाउनलोड कर लेना चाहिए.

बैटरी खत्म होने पर नहीं हो रही थी चार्जिंग
एपल के रिलीज नोट्स के अनुसार, iOS 26.5.1 अपडेट उस बग को ठीक करता है जिसकी वजह से कुछ iPhone Air और iPhone 17 मॉडल्स में बैटरी लगभग पूरी तरह खत्म होने के बाद वायर्ड चार्जिंग शुरू नहीं हो रही थी. कंपनी ने बताया कि यह समस्या सीमित संख्या में यूजर्स को प्रभावित कर रही थी. रिपोर्ट्स के अनुसार कई मामलों में फोन बंद होने के बाद USB Type-C चार्जर से कनेक्ट करने पर भी स्क्रीन पूरी तरह काली रहती थी और सामान्य लो बैटरी संकेत या एपल लोगो भी दिखाई नहीं देता था. इसी वजह से यूजर्स को लग रहा था कि उनका फोन चार्ज नहीं हो रहा है या सिस्टम प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है.

कई यूजर्स ने की थी समस्या की शिकायत
हाल के दिनों में iPhone Air और iPhone 17 मॉडल्स में बैटरी से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ यूजर्स ने बताया कि बैटरी शून्य होने के बाद फोन चार्जर लगाने पर भी चालू नहीं हो रहा था. कई लोगों ने फोर्स रीस्टार्ट जैसे सामान्य उपाय भी अपनाए, जिसमें वॉल्यूम अप, वॉल्यूम डाउन और पावर बटन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन समस्या दूर नहीं हुई. कुछ मामलों में चार्जिंग केबल, पावर एडॉप्टर बदलने या फोन को कंप्यूटर से जोड़ने के बाद भी कोई फायदा नहीं मिला. एक मामले में तो फोन को दोबारा चालू करने के लिए वायरलेस चार्जर का सहारा लेना पड़ा था.

ऐसे करें अपना आईफोन अपडेट
एपल ने भले ही इस अपडेट को सीधे तौर पर व्यापक बैटरी ड्रेन शिकायतों से नहीं जोड़ा है, लेकिन कंपनी की जानकारी से साफ संकेत मिलता है कि यह अपडेट चार्जिंग व्यवहार से जुड़ी समस्या को ठीक करने के लिए जारी किया गया है. यूजर्स अपने iPhone में Settings- General- Software Update- Install Now पर जाकर नया अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं. iPhone 17 के लिए इस अपडेट का आकार लगभग 12.71GB बताया गया है. इस बीच 8 जून से WWDC 2027 इवेंट की शुरुआत होने जा रही है, जिसके बाद एपल का ध्यान धीरे-धीरे iOS 27 की ओर शिफ्ट होने की उम्मीद है. ऐसे में iOS 26 सीरीज के लिए यह महत्वपूर्ण बग फिक्स अपडेट माना जा रहा है.