रायपुर, 17 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्कूलों के बाहर विशेष अभियान चलाकर ई-रिक्शा, ऑटो और वैन की औचक जांच की। जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित होते मिले, जिनके चालकों को कड़ी चेतावनी देने के साथ नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्रीमती अर्चना झा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने शहर के प्रमुख स्कूलों के बाहर अभियान चलाया। इस दौरान सेंट जेवियर स्कूल, रेयान इंटरनेशनल स्कूल, होली क्रॉस स्कूल कांपा, बालाजी विद्यामंदिर (देवेन्द्र नगर), कृष्णा पब्लिक स्कूल (कमल विहार), होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइंस) और प्रणवानंद अकादमी (वीआईपी रोड) के बाहर संचालित स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।
जांच में सामने आया कि कई ई-रिक्शा, ऑटो और वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को तत्काल रोककर चालकों को बच्चों को सुरक्षित तरीके से बैठाने, वाहन की निर्धारित क्षमता का पालन करने और सभी यातायात एवं सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान मौजूद अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी स्थिति में क्षमता से अधिक बच्चों वाले वाहन में उन्हें न भेजें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल वाहन चालक ही नहीं बल्कि अभिभावकों की भी समान जिम्मेदारी है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई वाहन चालक निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करते हुए या बिना आवश्यक सुरक्षा उपायों के स्कूली बच्चों को ले जाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ ऑटो चालकों के खिलाफ चालान भी जारी किए गए।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्रीमती अर्चना झा ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए निर्धारित मानकों, वाहन क्षमता और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन नहीं करने, वाहनों की फिटनेस एवं सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा बच्चों को सुरक्षित बैठाकर ही वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

