KORBA : पर्यावरण संरक्षण व हरित कोरबा के लिये 18 जुलाई को दौडे़गा कोरबा, आयुक्त ने की ’’ रन फार ग्रीन ’’ की तैयारियों की समीक्षा... - vedantsamachar.in

KORBA : पर्यावरण संरक्षण व हरित कोरबा के लिये 18 जुलाई को दौडे़गा कोरबा, आयुक्त ने की ’’ रन फार ग्रीन ’’ की तैयारियों की समीक्षा…

कोरबा,17 जुलाई (वेदांत समाचार) – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने 18 जुलाई शनिवार को प्रातः 07 बजे घंटाघर से कोरबा की दौड़ शुरू होगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित ’’ रन फार ग्रीन ’’ आयोजन के संबंध में की जा रही विविध तैयारियों की आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने साकेत भवन स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा की तथा त्रुटिरहित तैयारियों के संबंध में अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त व कार्यक्रम प्रभारी नीरज कौशिक, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कश्यप सहित पुलिस प्रशासन व निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा के द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ’’ एक पेड़ माॅं के नाम ’’ अभियान के अंतर्गत ’’ रन फार ग्रीन ’’ का आयोजन किया गया है। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता तथा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ.पवन सिंह एवं सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर के विशिष्ट आतिथ्य में यह आयोजन कोरबा घंटाघर स्थित ओपन थियेटर में 18 जुलाई शनिवार को प्रातः 07 बजे से किया जायेगा। इस आयोजन की मुख्य आकर्षण भारतीय महिला फुटबाल टीम की सदस्य एवं खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में छत्तीसगढ़ विजेता टीम की कैप्टन किरण पिस्दा होंगी। इस आयोजन में जिले के विभिन्न विभागों के साथ-साथ सार्वजनिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, माय भारत यूथ वालेटियर्स, एन.सी.सी.कैडेट, स्काउट गाईड, एन.एस.एफ.कार्यकर्ताओं, विद्यालयीन छात्र-छात्राओं व कोरबावासियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

आयुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम कार्यालय साकेत भवन में आयोजन से जुड़े अधिकारी कर्मचारियों की बैठक लेकर ’’ रन फार ग्रीन ’’ मैराथान एवं आयोजित विविध कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने स्टेज, मंचीय व्यवस्था, गेट व्यवस्था, पौधा रोपण हेतु पौधों की व्यवस्था तथा इस हेतु कर्मचारियों की नियुक्ति, पेयजल व्यवस्था, वृक्षारोपण संबंधी व्यवस्थाएं, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से जुड़ी व्यवस्थाएं, मैराथान रूट व वृक्षारोपण स्थल, रूट की साफ-सफाई, रोड मार्किंग से जुड़ी व्यवस्थाएं, ग्रीन मैराथान के प्रारंभ एवं समाप्ति प्वाइंट से जुड़ी व्यवस्थाएं, जलपान आदि की व्यवस्था, विभिन्न स्थलों पर बनाये गये रिफ्रेशमेंट जोन की व्यवस्थाएं सहित अन्य विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में की गई तैयारियों की समीक्षा की तथा त्रुटि रहित तैयारियों के संबंध में अधिकारियों का मार्गदर्शन किया।