₹1.30 लाख में लॉन्च हुई 220cc इंजन की नई बजाज बाइक, TVS Ronin और Hunter 350 को देगी टक्कर - vedantsamachar.in

₹1.30 लाख में लॉन्च हुई 220cc इंजन की नई बजाज बाइक, TVS Ronin और Hunter 350 को देगी टक्कर

भारतीय टू-व्हीलर कंपनी बजाज ऑटो ने देश में 220cc इंजन की नई बाइक को लॉन्च कर दिया है. नई बाइक का नाम बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट (Avenger Street 220) है. बाइक शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹1.30 लाख तय की गई है. क्रूजर स्टाइल डिजाइन वाली इस बाइक को शहरी इस्तेमाल के लिए बनाया गया है. यह बजाज के लाइनअप में Street 160 की जगह लेगी, जिसे कंपनी ने बंद कर दिया है. अब अपडेटेड बाइक ब्रांड की ऑफिशियल वेबसाइट पर लिस्टेड है और बिक्री के लिए उपलब्ध है.

राइडिंग के लिए आरामदायक बाइक
बजाज एवेंजर 220 के नए मॉडल को 2 नए कलर ऑप्शन दिए गए हैं, जिनमें एबोनी ब्लैक और कॉकटेल रेड वाइन शामिल हैं. इसके अलावा बाइक के बाकी डिजाइन में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यह मोटरसाइकिल अपने आरामदायक और क्रूजर स्टाइल डिजाइन के लिए मशहूर है. इसमें ऊंचा हैंडलबार और आगे की ओर दिए गए फुटपेग्स हैं, जो लंबी दूरी की राइडिंग को आरामदायक बनाते हैं. बाइक में गोल हेडलाइट और फ्यूल टैंक पर लगा फ्यूल गेज भी पहले जैसा ही मिलता है.

इंजन और पावर आउटपुट
बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट में वही 220 सीसी एयर-ऑयल कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो पल्सर 220F में भी इस्तेमाल होता है. यह इंजन 8,500 आरपीएम पर 19 हॉर्सपावर (hp) की पावर और 7,000 आरपीएम पर 17 एनएम का अधिकतम टॉर्क पैदा करता है. इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है.

सस्पेंशन और डिस्क ब्रेक
सस्पेंशन के लिए बाइक में आगे की तरफ टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और पीछे की तरफ ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जिनमें 5-स्टेप प्रीलोड एडजस्टमेंट की सुविधा मिलती है. ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे 280 मिमी डिस्क ब्रेक और पीछे 130 मिमी ड्रम ब्रेक दिया गया है. सेफ्टी के लिए के लिए बाइक में सिंगल-चैनल ABS भी मिलता है.

अलॉय व्हील्स और ट्यूबलेस टायर
एवेंजर 220 स्ट्रीट में अलॉय व्हील्स और ट्यूबलेस टायर दिए गए हैं. इसके फ्रंट में 90/90-17 और रियर में 130/90-15 साइज के टायर लगाए गए हैं. वहीं, एवेंजर क्रूज मॉडल में स्पोक व्हील्स और ट्यूब वाले टायर मिलते हैं. ट्यूबलेस टायर होने के कारण स्ट्रीट वेरिएंट में पंचर की मरम्मत करना ज्यादा आसान होता है.

बाइक का वजन और सीट की हाइट
इस बाइक में 13 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है और इसका कर्ब वेट 160 किलोग्राम है. सीट हाइट 737 मिमी है, जिससे अलग-अलग हाइट के राइडर्स इसे आसानी से चला सकते हैं. यही वजह है कि यह बाइक रोजाना इस्तेमाल और लंबी यात्रा दोनों के लिए एक अच्छा विकल्प मानी जाती है. इस बाइक का मुकाबला टीवीएस रोनिन और रॉयल एनफील्ड हंटर 350 जैसी गाड़ियों से होता है.