लॉन्च से पहले दिखा Samsung Galaxy Z Fold 8, नए Wide Foldable डिजाइन में कर सकता है एंट्री - vedantsamachar.in

लॉन्च से पहले दिखा Samsung Galaxy Z Fold 8, नए Wide Foldable डिजाइन में कर सकता है एंट्री

Samsung Galaxy Z Fold 8, Galaxy Z Fold 8 Ultra: सैमसंग अगले महीने होने वाले गैलेक्सी अनपैक्ड 2026 इवेंट में अपनी नई फोल्डेबल सीरीज पेश कर सकता है. लॉन्च से पहले Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Fold 8 Ultra को लेकर नई जानकारी सामने आई है. यह फोन Samsung Galaxy Z Fold 7 का सक्सेसर होगा.सोशल मीडिया पर दोनों फोन्स की कथित रियल लाइफ तस्वीर और रेंडर्स लीक हुए हैं, जिनमें इनके डिजाइन की झलक देखने को मिली है. रिपोर्ट के मुताबिक इस बार सैमसंग अपने पहले Wide Foldable स्मार्टफोन को भी लॉन्च कर सकता है. कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर किसी भी डिवाइस की पुष्टि नहीं की है.

रियल लाइफ तस्वीर में दिखा नया फोल्डेबल
टिप्स्टर Ice Universe ने एक्स पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसे Samsung Galaxy Z Fold 8 का रियल लाइफ फोटो बताया जा रहा है. दावा किया गया है कि एक सैमसंग कर्मचारी को रेस्तरां में इस डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए देखा गया. हालांकि फोन को एक खास प्रोटेक्टिव कवर या कैमोफ्लाज स्किन से ढका गया था, ताकि इसका पूरा डिजाइन सामने न आ सके. इसके बावजूद तस्वीर में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिखाई देता है, जो पिल शेप कैमरा मॉड्यूल में मौजूद है. कैमरा यूनिट के नीचे LED फ्लैश भी नजर आता है. रिपोर्ट के अनुसार यह डिवाइस सैमसंग का पहला Wide Foldable स्मार्टफोन हो सकता है.

Galaxy Z Fold 8 और Ultra में दिख सकता है अंतर
लीक हुए रेंडर्स में Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Fold 8 Ultra दोनों को एक साथ दिखाया गया है. दोनों स्मार्टफोन ब्लू कलर शेड में नजर आते हैं, लेकिन इनके डिजाइन और आकार में कुछ अंतर दिखाई देता है. वाइड फोल्डेबल मॉडल में डुअल रियर कैमरा सेटअप देखा गया है, जबकि दूसरे मॉडल में ट्रिपल रियर कैमरा यूनिट दी गई है. यह कैमरा सिस्टम भी पिल शेप कैमरा आइलैंड में रखा गया है. रेंडर्स के मुताबिक दोनों डिवाइस के कवर डिस्प्ले पर सेंटर में सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी दोनों फोन्स को अलग-अलग कैटेगरी के यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश कर सकती है.

नाम बदलने की भी चर्चा तेज
हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सैमसंग अपनी अगली फोल्डेबल सीरीज की ब्रांडिंग में बदलाव कर सकता है. रिपोर्ट के अनुसार पहले जिस मॉडल को Galaxy Z Fold 8 Wide कहा जा रहा था, उसे अब Galaxy Z Fold 8 नाम से लॉन्च किया जा सकता है. वहीं मौजूदा स्टैंडर्ड Fold मॉडल को Galaxy Z Fold 8 Ultra के नाम से पेश किए जाने की संभावना है. कंपनी पहले से ही अपने फ्लैगशिप लैपटॉप और Galaxy S सीरीज स्मार्टफोन्स में Ultra ब्रांडिंग का इस्तेमाल करती है. ऐसे में माना जा रहा है कि फोल्डेबल सीरीज में भी Ultra नाम का उपयोग प्रीमियम मॉडल को अलग पहचान देने के लिए किया जा सकता है. फिलहाल कंपनी की ओर से इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.