नौतपा की भीषण गर्मी में ऐसे बचाएं अपना स्मार्टफोन, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान - vedantsamachar.in

नौतपा की भीषण गर्मी में ऐसे बचाएं अपना स्मार्टफोन, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान

नौतपा की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है. तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि स्मार्टफोन पर भी होता है. ज्यादा गर्म होने की वजह से फोन की बैटरी खराब हो सकती है, परफॉर्मेंस धीमी पड़ सकती है और कई बार डिवाइस अचानक बंद भी हो सकता है. ऐसे में जरूरी है कि यूजर्स अपने फोन को गर्मी से बचाने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाएं क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही आपका महंगा स्मार्टफोन खराब हो सकता है.

तेज धूप में फोन इस्तेमाल करना पड़ सकता है भारी
गर्मी के दिनों में सबसे बड़ी गलती लोग यह करते हैं कि सीधे धूप में लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करते रहते हैं. इससे फोन का तापमान तेजी से बढ़ जाता है और प्रोसेसर पर दबाव पड़ने लगता है. खासकर गेमिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग और नेविगेशन जैसे काम फोन को ज्यादा गर्म कर देते हैं. अगर फोन लगातार गर्म रहता है तो उसकी बैटरी लाइफ कम हो सकती है और स्क्रीन पर भी असर पड़ सकता है. तेज धूप में फोन का इस्तेमाल कम करें और जरूरत पड़ने पर उसे बैग या जेब में सुरक्षित रखें. इससे डिवाइस का तापमान सामान्य बना रहता है और फोन की परफॉर्मेंस भी बेहतर रहती है. यदि आप फोन को बाइक पर लगाकर यात्रा करते हैं तो ऐसा करने से भी फोन ओवरहीट हो सकता है.

चार्जिंग के दौरान न करें ये गलती
नौतपा की गर्मी में फोन चार्ज करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. कई लोग फोन को चार्जिंग पर लगाकर गेम खेलते हैं या वीडियो देखते रहते हैं जिससे डिवाइस तेजी से गर्म होने लगता है. ऐसा करने से बैटरी पर बुरा असर पड़ सकता है और लंबे समय में बैटरी फूलने जैसी समस्या भी हो सकती है. कोशिश करें कि फोन को हमेशा ओरिजिनल चार्जर से ही चार्ज करें और चार्जिंग के दौरान भारी ऐप्स का इस्तेमाल ना करें. इसके अलावा तकिए या कंबल जैसी जगहों पर फोन रखकर चार्ज करना भी नुकसानदायक हो सकता है क्योंकि वहां से गर्मी बाहर नहीं निकल पाती.

बैकग्राउंड ऐप्स भी बढ़ाते हैं फोन की गर्मी
कई बार फोन बिना इस्तेमाल के भी गर्म होने लगता है क्योंकि बैकग्राउंड में कई ऐप्स लगातार चलते रहते हैं. सोशल मीडिया, लोकेशन सर्विस और ऑटो सिंक जैसे फीचर्स प्रोसेसर पर लगातार दबाव बनाते हैं. इससे बैटरी तेजी से खत्म होती है और फोन का तापमान बढ़ जाता है. ऐसे में जरूरी है कि जिन ऐप्स की जरूरत ना हो उन्हें बंद कर दें. फोन की ब्राइटनेस कम रखने और बैटरी सेविंग मोड ऑन करने से भी गर्मी कम होती है. नियमित रूप से फोन अपडेट करना भी जरूरी है क्योंकि नए अपडेट में हीट मैनेजमेंट से जुड़े सुधार दिए जाते हैं.

कवर का सिलेक्शन
गर्मी के मौसम में मोटे और खराब क्वालिटी वाले मोबाइल कवर भी ओवरहीटिंग की वजह बन सकते हैं. ऐसे कवर फोन की गर्मी बाहर निकलने नहीं देते जिससे तापमान बढ़ जाता है. अगर फोन ज्यादा गर्म हो रहा है तो कुछ समय के लिए कवर हटाकर इस्तेमाल करना बेहतर हो सकता है. इसके अलावा फोन को कार के अंदर या बंद जगह पर छोड़ना भी खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि वहां तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है. कोशिश करें कि फोन को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें ताकि उसका तापमान नियंत्रित रहे और डिवाइस सुरक्षित बना रहे.

जरूरत पड़ने पर फोन को दें थोड़ा आराम
अगर आपका फोन लगातार गर्म हो रहा है तो उसे कुछ समय के लिए बंद कर देना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है. कई बार लगातार इस्तेमाल के कारण प्रोसेसर और बैटरी दोनों गर्म हो जाते हैं. ऐसे में फोन को थोड़ी देर के लिए स्विच ऑफ करने से उसका तापमान सामान्य हो जाता है. ध्यान रखें कि गर्म फोन को तुरंत फ्रिज या बहुत ठंडी जगह पर ना रखें क्योंकि अचानक तापमान बदलने से अंदरूनी पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है. सही देखभाल और सावधानी के जरिए आप नौतपा की गर्मी में भी अपने स्मार्टफोन को सुरक्षित और लंबे समय तक बेहतर हालत में रख सकते हैं.