Bilaspur News: तखतपुर में छात्राओं के लिए मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम, कलेक्टर संजय अग्रवाल और DIG-SSP रजनेश सिंह ने दिया स्वास्थ्य व सुरक्षा का संदेश - vedantsamachar.in

Bilaspur News: तखतपुर में छात्राओं के लिए मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम, कलेक्टर संजय अग्रवाल और DIG-SSP रजनेश सिंह ने दिया स्वास्थ्य व सुरक्षा का संदेश

बिलासपुर, 11 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर पुलिस ने नागरिक संगठनों के सहयोग से तखतपुर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया। कार्यक्रम में किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और यातायात नियमों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित “चेतना अभियान” के तहत आयोजित किया गया। इस अभियान के माध्यम से पुलिस लगातार यातायात जागरूकता, साइबर फ्रॉड से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, नशे और मोबाइल की लत से बचाव, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर जनजागरूकता अभियान चला रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की पूजा के साथ हुआ। विशेषज्ञों ने छात्राओं को बताया कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी गलत धारणाओं को छोड़कर वैज्ञानिक सोच अपनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक भोजन लेने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेने की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल (आईएएस) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह (आईपीएस) शामिल हुए। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे तथा नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ भी मौजूद रहीं।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने किशोरियों से स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने तथा सही जानकारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वासी, सजग और निर्भीक बनने की प्रेरणा देते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने मासिक धर्म को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और इस विषय पर खुलकर चर्चा करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के दौरान मिडिल स्कूल की छात्राओं को अध्ययन के लिए कॉपी, पेन, पेंसिल सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। अतिथियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अतिथियों, संस्था प्रमुखों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से जवाब दिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और यातायात पुलिस बिलासपुर की ब्रांड एंबेसडर बनकर इन नियमों का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम में आर्यन फिल्म एवं पूर्व यातायात एसआई उमाशंकर पाण्डेय ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में प्रभारी प्राचार्य जितेंद्र शुक्ला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान पार्षद पूजा बबलू गुप्ता, परमजीत कौर हुरा, बलीराम सूर्यवंशी, रश्मि मिश्रा, मिनाज खान, देवहूती कुंजाम, मीनाक्षी शर्मा, कामिनी गुप्ता, पारुल यादव, अमोद एक्का, अंकित विश्वकर्मा, महेश्वरी सिन्हा सहित विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।