Raipur Police: अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी पर लगाम के लिए पुलिस का शहरभर में बड़ा चेकिंग अभियान, 850 से ज्यादा वाहनों की जांच, 87 चालकों पर कार्रवाई - vedantsamachar.in

Raipur Police: अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी पर लगाम के लिए पुलिस का शहरभर में बड़ा चेकिंग अभियान, 850 से ज्यादा वाहनों की जांच, 87 चालकों पर कार्रवाई

रायपुर, 11 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण, दोपहिया वाहन चोरी की रोकथाम और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को शहरव्यापी विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के 35 से अधिक प्रमुख चौराहों और स्थानों पर एक साथ जांच अभियान संचालित किया गया, जिसमें 850 से अधिक दोपहिया एवं अन्य वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में यह विशेष अभियान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान में सभी थाना प्रभारियों के साथ थाना पुलिस और यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।पुलिस ने शहरभर में 35 से अधिक चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर दोपहिया और अन्य वाहनों की गहन जांच की।

इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहन, संदिग्ध परिस्थितियों में संचालित वाहन, आवश्यक दस्तावेजों के बिना चल रहे वाहन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की विशेष रूप से जांच की गई।चेकिंग के दौरान पुलिस ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें वैध दस्तावेज हमेशा साथ रखने, निर्धारित मानक की नंबर प्लेट लगाने, हेलमेट पहनने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।अभियान के दौरान कुल 850 से अधिक वाहनों की जांच की गई।

जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में अपराध नियंत्रण, वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।