नई दिल्ली ,06 अप्रैल । दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की कार गेट पर लगे बैरियर तोड़कर विधानसभा परिसर में घुस गई। अधिकारियों के मुताबिक, कार के अंदर से एक नकाबपोश शख्स नीचे उतरा और एक गुलदस्ता विधानसभा परिसर में रखकर वापस लौट गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। बताया जा रहा है यह घटना विधानसभा के गेट नंबर दो पर हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश नंबर की कार दोपहर करीब दो बजे गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गई। दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने कहा, “कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया।”
इस घटना ने गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा कर दी हैं और अधिकारी इसे संभावित “सुरक्षा उल्लंघन” के रूप में देख रहे हैं। यह घटना हाल ही में संपन्न बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिले बम धमकी भरे संदेशों के बाद सामने आई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीआईपी गेट पर हुई घटना
जानकारी के अनुसार, विधानसभा के गेट नंबर-2 यानी कि वीआईपी गेट से एक कर घुसी। इसी गेट से वीआईपी का आना-जाना होता है।
