Raipur Crime : किराना दुकान में चोरी का खुलासा, बालक गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बरामद

रायपुर, 06 अप्रैल (वेदांत समाचार)। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित एक किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी 30 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया आरी ब्लेड भी जब्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नरेन्द्र पटेल ने थाना पुरानी बस्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी डबरीपारा कुशालपुर में ‘नरेन्द्र किराना स्टोर्स’ नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल 2026 की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर का एक ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी नगदी राशि और गुटखा-सिगरेट गायब मिले। अज्ञात आरोपी द्वारा ताला तोड़कर दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना पुरानी बस्ती में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 145/26 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में बालक ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 30 हजार रुपये नगद राशि और वारदात में प्रयुक्त आरी ब्लेड जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे से क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक पर्दाफाश हो गया है।