मुंबई : ग्लैमर वर्ल्ड में अपनी मेहनत, लगन और सहज व्यक्तित्व से पहचान बना रहीं अभिनेत्री प्रिंसी इन दिनों अपनी आगामी हिंदी फीचर फिल्म “जान अभी बाकी है” को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह पहली बार कॉमेडी अंदाज़ में नजर आएंगी, जो उनके अब तक के करियर से बिल्कुल अलग और दर्शकों के लिए ताज़गी भरा अनुभव साबित होगा।
छोटे लेकिन प्रभावशाली प्रोजेक्ट्स से शुरुआत करने वाली प्रिंसी ने धीरे-धीरे अपनी अभिनय क्षमता के दम पर इंडस्ट्री में मजबूत जगह बनाई है। वह पहले फिल्म “शुभ रात्रि” में दिखाई दे चुकी हैं, वहीं ज़ी म्यूजिक से रिलीज़ हुए म्यूजिक वीडियोज़ “माहिया वे” और “तुमसे ही” में उनकी स्क्रीन प्रेज़ेंस को खासा सराहा गया। “थप्पड़” और “मैं रौंडिया” जैसे प्रोजेक्ट्स के अलावा टीवी और वेब सीरीज़ में काम कर उन्होंने अपने टैलेंट की विविधता भी साबित की है।
विज्ञापन जगत में भी प्रिंसी की सक्रिय मौजूदगी रही है, जहां उन्होंने इलेक्ट्रिक एक्सियो स्कूटी सहित कई ब्रांड्स के लिए काम किया और मॉडलिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। बचपन से ही डांस और एक्टिंग के प्रति जुनून रखने वाली प्रिंसी ने थिएटर और एक्टिंग क्लासेस के जरिए खुद को निखारा और लगातार ऑडिशन के दम पर आगे बढ़ती रहीं।
प्रिंसी अपने हर किरदार को गहराई से समझकर निभाने में विश्वास रखती हैं। उन्हें ऋषि कपूर की फिल्म “नसीब अपना अपना” और क्लासिक “दोस्ती” बेहद पसंद है, जबकि समकालीन अभिनेत्रियों में वह कृति सैनन से प्रेरित हैं। उनका लक्ष्य ऐसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना है जो कहानी और भावनाओं के जरिए दर्शकों के दिलों पर स्थायी असर छोड़ें।
