मुंबई। साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस को आखिरकार पहली बड़ी झलक देखने को मिली। गाने में यश और कियारा आडवाणी की रोमांटिक केमिस्ट्री, शानदार विजुअल्स और दमदार म्यूजिक ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
‘तबाही’ को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भाषाओं में रिलीज किया गया है, ताकि देशभर के दर्शक इसका आनंद ले सकें। इस गाने को गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल राज शेखर ने लिखे हैं। संगीत निर्माण में बिटुपोन बोरुआ, कंदर्पा कलिता और त्रिहंगकु लहकर ने भी अहम भूमिका निभाई है।
गाने की सबसे बड़ी खासियत यश और कियारा आडवाणी की नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी है। दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री और स्टाइलिश अंदाज को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज के कुछ ही समय बाद यह गाना इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने लगा और फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई।
कई बार रिलीज डेट बदलने के बाद अब मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं। इसमें यश और कियारा के अलावा हुमा कुरैशी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कियारा आडवाणी ने इस फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की फीस ली है, जो उनके करियर की सबसे बड़ी फीस मानी जा रही है। वहीं, यश इस प्रोजेक्ट में अभिनेता के साथ-साथ सह-निर्माता भी हैं और प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल के तहत जुड़े हुए हैं। खबरों के मुताबिक उनकी डील करीब 50 करोड़ रुपये की बताई जा रही है।

