मुंबई, 09 जुलाई 2026। छोटे गांव से निकलकर अपने दम पर सफलता हासिल करने वाली सोशल मीडिया सेंसेशन देहाती मैडम की प्रेरणादायक कहानी अब टीवी दर्शकों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई है। देहाती मैडम ने कहा है कि उन्हें सन नियो के नए शो ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ की मुख्य किरदार वैदेही में अपने जीवन की झलक दिखाई देती है। उनका मानना है कि यह सिर्फ एक काल्पनिक कहानी नहीं, बल्कि उन लाखों लड़कियों की कहानी है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं।
देहाती मैडम अपनी अनोखी शैली में अंग्रेजी सिखाने और अपनी ग्रामीण पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत करने के कारण सोशल मीडिया पर लाखों लोगों की पसंद बन चुकी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों के दम पर यह साबित किया कि सफलता के लिए बड़ा शहर या विशेष पृष्ठभूमि जरूरी नहीं, बल्कि मजबूत इरादे सबसे अहम होते हैं।
इसी प्रेरणादायक सोच को सन नियो का नया धारावाहिक ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ भी दर्शाता है। शो की कहानी वैदेही नाम की एक गांव की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो तमाम मुश्किलों और चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का संकल्प नहीं छोड़ती। वैदेही अपने संघर्ष और मेहनत से यह संदेश देती है कि साधारण परिस्थितियों में जन्म लेने वाला व्यक्ति भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
अपनी यात्रा को याद करते हुए देहाती मैडम ने कहा कि जब उन्होंने ऑनलाइन अंग्रेजी सिखाना शुरू किया था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि उनका यह प्रयास इतना बड़ा सफर बन जाएगा। लोगों ने उन्हें एक छोटे गांव की सामान्य क्रिएटर समझा, लेकिन उन्होंने लगातार मेहनत की और कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शो में वैदेही की कहानी देखी तो उन्हें लगा कि यह केवल एक किरदार की कहानी नहीं, बल्कि हर उस लड़की की कहानी है जिसे समाज अक्सर कम आंकता है, लेकिन जो अपने सपनों को छोड़ने के बजाय उन्हें पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष करती रहती है।
शो में वैदेही की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने भी देहाती मैडम की यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि देहाती मैडम और वैदेही दोनों इस बात का उदाहरण हैं कि परिवार, गांव या आर्थिक परिस्थितियां किसी के सपनों की राह में स्थायी बाधा नहीं बन सकतीं। यदि व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास, मेहनत और आगे बढ़ने का जज्बा हो, तो वह हर चुनौती को पार कर सकता है।
आरती बिराजदार ने कहा कि वैदेही का किरदार खुद पर विश्वास रखने का संदेश देता है, खासकर तब जब पूरी दुनिया आपकी क्षमता पर सवाल उठाती हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह धारावाहिक दर्शकों, विशेष रूप से युवाओं और लड़कियों को अपने सपनों का पीछा करने और खुद पर भरोसा बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।
‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे केवल सन नियो पर किया जाता है। यह शो संघर्ष, आत्मविश्वास और उम्मीद की ऐसी कहानी पेश करता है, जो दर्शकों को अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का प्रयास करता है।

