FIFA World Cup: हारकर भी USA को मिला 152 करोड़ का इनाम, मगर महिला टीम को भी मिलेगा पैसा, जानिए क्यों? - vedantsamachar.in

FIFA World Cup: हारकर भी USA को मिला 152 करोड़ का इनाम, मगर महिला टीम को भी मिलेगा पैसा, जानिए क्यों?

फुटबॉल वर्ल्ड कप का खुमार अपने चरम पर है और अब FIFA वर्ल्ड कप 2026 अपने अंजाम के बेहद करीब पहुंच चुका है. टूर्नामेंट की शुरुआत करने वाली 48 में से 40 टीम बाहर हो चुकी हैं और अब सिर्फ 8 टीमों के बीच क्वार्टर-फाइनल राउंड शुरू होने वाला है. मगर इसमें टूर्नामेंट का मेजबान देश अमेरिका नहीं खेलेगा क्योंकि उसकी टीम राउंड ऑफ 16 में ही हारकर बाहर हो गई. हालांकि वर्ल्ड कप में सफर खत्म होने के बावजूद US मेंस नेशनल टीम (USMNT) को इनाम के तौर पर 152 करोड़ रुपये मिलेंगे. मगर खास बात ये है कि ये इनाम अमेरिका की महिला टीम की खिलाड़ियों में भी बांटा जाएगा.

इस बार वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको की टीमों ने अंतिम-16 राउंड तक सफर तय किया. ये तीनों ही टीम एक साथ इसी राउंड में हारकर बाहर हो गईं. इसके बावजूद नियमों के मुताबिक, टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली हर टीम को इनाम में कुछ न कुछ रकम मिलती है. फिर ये तीनों टीम तो प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंची. ऐसे में इनके हिस्से भी अच्छी-खासी रकम आई है. अब कनाडा और मेक्सिको के इनाम का तो खुलासा नहीं हुआ है लेकिन USMNT को मिलने वाली रकम सामने आ गई है.

महिला टीम में भी बांटी जाएगी मेंस टीम की प्राइज मनी
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, USA की टीम को कुल 16 मिलियन डॉलर (152.87 करोड़ रुपये) इनाम के रूप में FIFA की ओर से दिए जाएंगे. मगर ये पैसा सिर्फ इस वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले 26 खिलाड़ियों में ही नहीं बांटा जाएगा, बल्कि इसका बंटवारा किया जाएगा और ठीक आधा हिस्सा अमेरिकी महिला फुटबॉल टीम (USWNT) को भी दिया जाएगा.

ये हैरान करने वाला है क्योंकि आम तौर पर किसी भी खेल में हिस्सा लेने वाली टीम को जो इनामी रकम मिलती है, उसे टीम के खिलाड़ियों में ही बांटा जाता है. मगर अमेरिकी फुटबॉल टीम की कहानी अलग है. यहां वर्ल्ड कप से मिलने वाली प्राइज मनी को दोनों टीमों में बराबर बांटा जाता है, फिर चाहे वो महिला वर्ल्ड कप का इनाम हो या पुरुष वर्ल्ड कप की कमाई.

कमाई बांटने की ये है वजह
इसकी वजह US महिला टीम की कानूनी लड़ाई है, जो उसने अमेरिकी फुटबॉल संस्था, US सॉकर, के खिलाफ लड़ी थी. करीब 6 साल तक महिला टीम ने US सॉकर के खिलाफ समान वेतन को लेकर कानूनी संघर्ष किया था. इसके बाद 2022 में US सॉकर ने महिला और पुरुष टीमों के साथ एक समझौता किया था, जिसमें इनाम के समान बंटवारे पर सहमति बनी थी. इसके तहत किसी भी वर्ल्ड कप से मिली रकम को अगले वर्ल्ड कप (इस मामले में महिला वर्ल्ड कप 2027) में हिस्सा लेने वाली टीम के 26 खिलाड़ियों में बांटा जाता है.

हर खिलाड़ी को कितना पैसा मिलेगा?
अब अगर बात करें हर खिलाड़ी को मिलने वाली रकम की तो इसका एक अन्य पहलू भी है. दोनों टीमों और US सॉकर के बीच समझौते के तहत, हर वर्ल्ड कप से मिलने वाली प्राइज मनी का 20 फीसदी हिस्सा, US सॉकर को जाता है और बचे हुए 80 पर्सेंट को दोनों टीमों में बराबर बांटा जाता है. इस लिहाज से 16 मिलियन का 20 फीसदी यानि 3.2 मिलियन US सॉकर को जाएगा, जबकि बचे हुए 12.8 मिलियन डॉलर में से हर टीम को 6.4 मिलियन (61.15 करोड़ रुपये) मिलेंगे. इस तरह हर खिलाड़ी के खाते में 246,153 डॉलर यानि कि 2.35 करोड़ रुपये आएंगे.