रायगढ़, 12 मई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गेरवानी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार 400 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से हार-जीत के आधार पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नगद बरामद किए, जबकि सुरेश अग्रवाल के पास से एक मोबाइल फोन और 1400 रुपये नकद जब्त किए गए।
जांच के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी रामफल अग्रवाल तक नगद और डिजिटल भुगतान के माध्यम से पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मामले में थाना पूंजीपथरा में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में श्याम कुमार अग्रवाल पिता स्वर्गीय बजरंग अग्रवाल उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम गेरवानी जिला रायगढ़ तथा सुरेश अग्रवाल पिता स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद अग्रवाल उम्र 42 वर्ष निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी रायगढ़ शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, बृजलाल गुर्जर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप या अन्य माध्यमों से अवैध सट्टा संचालित करने वालों के साथ-साथ नेटवर्क से जुड़े सहयोगियों और इसमें शामिल लोगों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

