दिल्ली पुलिस ने हाल ही में मध्य और पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में चल रहे नकली स्मार्टफोन एक्सेसरीज और इलेक्ट्रॉनिक्स के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया और उनके पास से OPPO, OnePlus और Realme जैसे बड़े ब्रैंड्स के नाम से बनाए गए नकली प्रोडक्ट्स को जब्त किया है.
क्राइम ब्रांच ने हाल ही में कई जगहों पर छापेमारी की, इस दौरान करोल बाग के रेगरपुरा और रघुबीर पुरा इलाकों में दो गोदामों को सील कर दिया गया. इसके अलावा, मोती नगर में एक फैक्टरी यूनिट को भी सील किया गया, जिसका कथित तौर पर इस्तेमाल नकली इलेक्ट्रॉनिक्स के पैकेजिंग बॉक्स बनाने में किया जा रहा था.
91मोबाइल्स के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जाने-माने स्मार्टफोन ब्रांडों के नाम पर नकली मोबाइल एक्सेसरीज की पैकेजिंग कर उन्हें बेच रहे थे. अधिकारियों ने नकली पैकेजिंग का सामान, ब्रैंडिंग से जुड़ी चीजें और कई मशीनें बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध काम में किया जा रहा था.
पुलिस ने बताया कि इन जगहों का इस्तेमाल लेबल छापने, रिटेल-स्टाइल की पैकेजिंग तैयार करने, नकली प्रोडक्ट पर ब्रैंड का नाम लगाने और उन्हें खरीदारों तक पहुंचने से पहले बाजार में पहुंचाने के लिए किया जा रहा था. कई मामलों में, नकली प्रोडक्ट की पैकेजिंग असली प्रोडक्ट जैसी ही दिखती है, जिससे खरीदारों के लिए पहली नजर में फर्क पहचानना मुश्किल हो जाता है. खराब क्वालिटी के पावर एक्सेसरीज की वजह से ओवरहीटिंग, शॉर्ट सर्किट और बैटरी खराब होने की घटनाएं सामने आई हैं.
आपके पास नकली प्रोडक्ट तो नहीं? ऐसे करें चेक
IMEI और सीरियल नंबर वेरिफाई करें: ज़्यादातर ब्रैंड्स अब QR कोड, IMEI वेरिफ़िकेशन या सीरियल-नंबर चेक करने के लिए टूल उपलब्ध कराते हैं.
वारंटी एक्टिवेशन चेक करें: नकली डिवाइस और एक्सेसरीज की वारंटी नहीं होती, ऐसे में आप ऑफिशियल वारंटी स्टेटस चेक कर सकते हैं.
Oppo यूजर्स इस लिंक पर क्लिक कर प्रोडक्ट की ऑथेंटिसिटी और वारंटी स्टेट्स को चेक कर सकते हैं. आप इस लिंक की मदद से एक्सेसरीज का भी स्टेटस चेक कर सकते हैं, इसके लिए आपको SN (सीरियल नंबर डालकर) डालना होगा.
अगर आपके पास वनप्लस कंपनी का प्रोडक्ट है तो आप इस लिंक पर क्लिक कर इस बात को चेक कर सकते हैं कि प्रोडक्ट ऑथेंटिक है या नहीं, इसके अलावा इस लिंक की मदद से आप वारंटी भी चेक कर पाएंगे. इस लिंक की मदद से भी आप एक्सेसरीज का पता लगा सकते हैं.
Realme कंपनी का फोन है और ऑथेंटिसिटी का पता लगाना है तो आप इस लिंक पर क्लिक करें. इस लिंक की मदद से भी आप फोन और एक्सेसरीज की वारंटी डिटेल को चेक कर सकते हैं.
कम कीमतों से सावधान: अगर कोई डील आधिकारिक कीमत से बहुत ज़्यादा सस्ती लग रही है, तो इसके पीछे कोई न कोई वजह हो सकती है.
सिर्फ ऑथोराइज्ड सेलर से खरीदें: अनजान थर्ड-पार्टी विक्रेताओं की तुलना आधिकारिक स्टोर, वेरिफाइड मार्केटप्लेस लिस्टिंग और जाने-माने रिटेलर ज़्यादा सुरक्षित होते हैं.
पैकेजिंग पर दें ध्यान: अगर प्रोडक्ट नकली है तो आपको पैकेजिंग पर स्पेलिंग मिस्टेक, धुंधले लोगो और खराब फिनिशिंग देखने को मिल सकती है.
इन कंपनियों के नाम का ज्यादा हो रहा इस्तेमाल
Oppo, OnePlus, Samsung, Xiaomi और Apple जैसे ब्रैंड्स को मजबूत रिटेल मांग और ऑफलाइन व ऑनलाइन, दोनों ही बाज़ारों में व्यापक मौजूदगी के कारण इस समस्या का ज्यादा सामना करना पड़ रहा है. मार्केटप्लेस लिस्टिंग और ग्रे-मार्केट चैनलों पर मिलने वाली भारी छूट अक्सर नकली सामान बेचने वालों के लिए बाजार में घुसने का ज़रिया बन जाती है.

